Maharatna PSU : सरकारी क्षेत्र की दिग्गज कंपनी भारत हेवी इलेक्ट्रिकल्स लिमिटेड यानी BHEL ने जनवरी-मार्च 2026 तिमाही के नतीजे पेश किए और इसके साथ ही शेयर बाजार में जबरदस्त हलचल देखने को मिली। नतीजे आते ही BSE पर कंपनी का शेयर 398.95 रुपये के स्तर तक पहुंच गया, जो इसका 52 हफ्ते का नया उच्चतम स्तर है। कारोबार के अंत में शेयर 7% की बढ़त के साथ 376.95 रुपये पर बंद हुआ।
BHEL की प्रॉफिट ग्रोथ
BHEL का मार्च 2026 तिमाही में शुद्ध कंसोलिडेटेड मुनाफा पिछले साल की उसी तिमाही के मुकाबले करीब 156% बढ़कर 1290.47 करोड़ रुपये हो गया। एक साल पहले यही मुनाफा केवल 504.45 करोड़ रुपये था। यह उछाल दिखाता है कि कंपनी ने परिचालन के मोर्चे पर कितनी मजबूती से काम किया है।
BHEL की रेवेन्यू ग्रोथ
ऑपरेशंस से कंसोलिडेटेड रेवेन्यू की बात करें तो यह सालाना आधार पर लगभग 37% बढ़कर 12310.37 करोड़ रुपये रहा, जबकि मार्च 2025 तिमाही में यह 8993.37 करोड़ रुपये था। खर्च भी 8448.14 करोड़ रुपये से बढ़कर 10842.69 करोड़ रुपये हो गए, लेकिन आमदनी में बढ़त खर्च से कहीं ज्यादा रही। पूरे वित्त वर्ष 2025-26 में कंपनी का कुल रेवेन्यू 33782.18 करोड़ रुपये और शुद्ध मुनाफा 1600.26 करोड़ रुपये दर्ज किया गया।
Maharatna PSU BHEL डिविडेंड
कंपनी के बोर्ड ने वित्त वर्ष 2025-26 के लिए 1.40 रुपये प्रति शेयर का फाइनल डिविडेंड देने की घोषणा की है। गौरतलब है कि शेयर की फेस वैल्यू 2 रुपये है। इस फैसले पर सालाना आम बैठक में शेयरहोल्डर्स की मंजूरी ली जाएगी और मंजूरी के बाद 30 दिनों के भीतर भुगतान कर दिया जाएगा। रिकॉर्ड डेट की घोषणा बाद में की जाएगी, जिस तारीख तक जिनके नाम शेयर दर्ज होंगे, वही डिविडेंड के हकदार माने जाएंगे।
मार्केट कैप और लॉन्ग-टर्म रिटर्न
शेयर में इस तेजी के बाद BHEL का बाजार पूंजीकरण बढ़कर 1.31 लाख करोड़ रुपये हो गया है। मार्च 2026 के अंत तक सरकार की इस कंपनी में 58.17% हिस्सेदारी बनी हुई है। निवेशकों के नजरिए से देखें तो यह शेयर पिछले एक महीने में 50% से ज्यादा, तीन महीनों में 38%, एक साल में 68% और तीन साल में करीब 340% का रिटर्न दे चुका है।
(Disclaimer: इस वेबसाइट पर दी गयी हर एक जानकारी केवल शैक्षणिक उद्देश्य के लिए है और इसे किसी भी प्रकार की निवेश सलाह के रूप नहीं लिया जाना चाहिए। कोई भी निवेश सम्बंधित निर्णय लेने से पहले अपने वित्तीय सलाहकार से सलाह ज़रूर करें।)

